तुलसी माता की पूजा-अर्चना, मंगलाष्टक गीत और आरती के साथ संपन्न हुआ धार्मिक आयोजन

भिलाई स्टील सिटी। सेक्टर-2 स्थित प्रशांत क्षीरसागर एवं उषा क्षीरसागर के निवास पर छोटी दिवाली एवं देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर तुलसी पूजन एवं तुलसी विवाह पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विधि-विधानपूर्वक मनाया गया।
इस अवसर पर तुलसी वृंदावन को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा तुलसी माता एवं गन्ने की पूजा-अर्चना की गई। उषा क्षीरसागर ने मंगलाष्टक गीतों के माध्यम से तुलसी विवाह की पारंपरिक रस्में संपन्न कराईं। धार्मिक परंपराओं के अनुसार देवउठनी एकादशी पर तुलसी विवाह का विशेष महत्व माना जाता है।
पूजन के दौरान तुलसी माता को जल, हल्दी, कुमकुम, अक्षत एवं पुष्प अर्पित किए गए तथा दीप प्रज्वलित कर विधिवत आरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूजा के दौरान ‘तुलसी मैया की जय हो’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
इस धार्मिक आयोजन में प्रशांत क्षीरसागर, उषा क्षीरसागर, रुद्र क्षीरसागर एवं पीयूष क्षीरसागर ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना में सहभागिता निभाई।


