
जर्जर सड़क से मिलेगी मुक्ति, सेक्टर-4 के गार्डन को मिलेगा नया स्वरूप; महापौर पूजा विधानी एवं पार्षद इब्राहिम खान ने किया भूमि पूजन

बिलासपुर। गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 के अन्नपूर्णा कॉलोनी सेक्टर-1 में मुख्य प्रवेश द्वार से सामुदायिक भवन तक सड़क निर्माण तथा सेक्टर-4 स्थित गार्डन में चेन फेंसिंग कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। नगर निगम की महापौर पूजा विधानी एवं वार्ड पार्षद इब्राहिम खान (अब्दुल) के करकमलों से संपन्न हुए इस भूमि पूजन से कॉलोनीवासियों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

कॉलोनीवासियों की लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या को ध्यान में रखते हुए सड़क निर्माण कार्य की पहल की गई है। अन्नपूर्णा कॉलोनी के निर्माण के समय बनी यह सड़क वर्षों से जर्जर अवस्था में थी, जिसके कारण स्थानीय निवासियों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से अब लोगों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। यह कार्य क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इसी क्रम में सेक्टर-4 के गार्डन में चेन फेंसिंग का कार्य भी कराया जाएगा। इससे गार्डन को व्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण देने में मदद मिलेगी। कॉलोनी के बुजुर्गों को सुबह-शाम टहलने तथा बच्चों को खेलने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है। गार्डन के विकास को लेकर बच्चों सहित कॉलोनीवासियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

वार्ड पार्षद इब्राहिम खान (अब्दुल) ने क्षेत्र की आवश्यकताओं और नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वार्ड की जनता की सुविधाएं, उनकी समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। जनहित से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए वे प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने इस अवसर पर मुख्यमंत्री, विधायक, महापौर एवं नगर निगम सभापति के प्रति सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

भूमि पूजन कार्यक्रम में पार्षद लक्ष्मी यादव, रेलवे ब्लॉक अध्यक्ष साकेश मिश्रा, मंडल अध्यक्ष राजा व्यास, वार्ड अध्यक्ष एवं पार्षद प्रतिनिधि राज बंजारे, रेलवे ब्लॉक सचिव जोगेंद्र कुमार सहित वार्ड के वरिष्ठ नागरिक, माताएं-बहनें एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
सड़क निर्माण और गार्डन विकास की इस पहल से अन्नपूर्णा कॉलोनी में बेहतर आवागमन, स्वच्छ वातावरण और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है। स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्यों के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।


