शासकीय हाई स्कूल भंवरेली में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

नशे से दूर रहने, शिक्षा का महत्व समझने और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने विद्यार्थियों को किया प्रेरित

भंवरेली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जांजगीर-चांपा के माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं सह-अध्यक्ष के निर्देशानुसार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मनोज कुमार कुशवाह के मार्गदर्शन में 23 नवंबर 2026 को शासकीय हाई स्कूल भंवरेली में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बम्हनीडीह बसंत कुमार चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से दूर रहने, शिक्षा के महत्व को समझने, एक अच्छे नागरिक बनने तथा बेहतर भविष्य के लिए अपराध से दूर रहने की समझाइश दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य एवं कैरियर पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पैरालीगल वॉलंटियर मंजू देवांगन ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की नशामुक्त भारत के उद्देश्य से संचालित नालसा डॉन योजना, 2025 के प्रमुख उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य नशीले पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम करना तथा नशे से प्रभावित व्यक्तियों को कानूनी, स्वास्थ्य एवं पुनर्वास संबंधी सहायता उपलब्ध कराना है।

उन्होंने योजना के अंतर्गत नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने, प्रभावित व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता दिलाने, नशामुक्ति केंद्रों एवं पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने तथा पीड़ित व्यक्तियों और उनके परिवारों को परामर्श एवं सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी दी। साथ ही नशीले पदार्थों की तस्करी एवं दुरुपयोग की रोकथाम तथा प्रभावित व्यक्तियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बच्चों को गुड टच-बैड टच, मानव तस्करी, पॉक्सो अधिनियम तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के संबंध में भी जागरूक किया।

पैरालीगल वॉलंटियर रमेश कुमार दिवाकर ने नशामुक्त समाज के निर्माण तथा नशे से प्रभावित व्यक्तियों को कानूनी सहायता, उपचार एवं पुनर्वास के माध्यम से सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर प्रदान करने की जानकारी दी। उन्होंने विधिक सेवा अधिनियम के उद्देश्य, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की पात्रता, बच्चों के मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य तथा नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अधिक जानकारी और निःशुल्क विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क करने की अपील भी की।

कार्यक्रम में संकुल समन्वयक उमेश कुमार तेम्बुलकर, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।