बिर्रा में भूमि दान की अनूठी मिसाल, राम नाम सप्ताह महायज्ञ को समर्पित की अपनी भूमि

माता-पिता की पावन स्मृति में हरनारायण एवं रश्मि केशरवानी ने भगवान श्रीराम-जानकी के नाम पर किया भूमि दान

बिर्रा। क्षेत्र में आयोजित श्री राम नाम सप्ताह महायज्ञ के दौरान धर्म, श्रद्धा एवं त्याग की प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। हरनारायण एवं रश्मि केशरवानी ने अपने माता स्वर्गीय शकुंतला देवी एवं पिता स्वर्गीय मदनलाल की पावन स्मृति में अपने हिस्से की भूमि भगवान श्रीराम-जानकी के नाम पर श्री राम नाम सप्ताह महायज्ञ समिति, बिर्रा को दान स्वरूप समर्पित की।

इस अवसर पर यज्ञाचार्य पं. जितेन्द्र तिवारी ने यज्ञ स्थल पर विधि-विधान से संकल्प मंत्र का उच्चारण कराते हुए भूमि दान की प्रक्रिया संपन्न कराई तथा भूमि के दस्तावेज यज्ञ समिति को भेंट कराए। संकल्प के दौरान यज्ञ स्थल जय श्री सीताराम, राधेश्याम के जयघोष से गूंज उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने दानदाता परिवार के इस कार्य की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया।

इस पुण्य अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि एकादशिया साहू, कुलकीत साहू, प्रकाश देवांगन, कुंजीलाल देवांगन, लखनलाल देवांगन सहित यज्ञ समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने कहा कि यह भूमि दान माता-पिता के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त करने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।

यज्ञ समिति ने दानदाता परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बताया कि दान में प्राप्त भूमि का उपयोग महायज्ञ एवं धार्मिक कार्यों के लिए किया जाएगा।