108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित हुए शिक्षक छबिलाल कौशिक

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं गायत्री मंत्र का दुपट्टा भेंटकर किया गया सम्मानित

जांजगीर-नैला। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में आयोजित 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के अंतर्गत जांजगीर-नैला में भव्य जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा यज्ञ के सफल संचालन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विकासखंड बम्हनीडीह के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। इसी क्रम में शासकीय प्राथमिक शाला कुम्हारीखुर्द, संकुल केंद्र कड़ारी के प्रभारी प्रधानपाठक छबिलाल कौशिक को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं गायत्री मंत्र अंकित दुपट्टा भेंटकर सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि गायत्री महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना, जन-जागरण और सकारात्मक सामाजिक चेतना के प्रसार का सशक्त माध्यम भी है। शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान समाज में शिक्षा और सेवा के प्रति सकारात्मक प्रेरणा प्रदान करता है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक एवं गायत्री परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।