आरंग में पुरोहित परिषद भंग, सर्वसम्मति से ब्राह्मण समाज में विलय का निर्णय

आरंग। नगर में दो वर्ष पूर्व गठित ब्राह्मण पुरोहित परिषद को आज सर्वसम्मति से भंग कर दिया गया। नगर के ब्रह्म समाज भवन में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया, जिसमें परिषद के सभी प्रमुख सदस्यों ने एकमत होकर परिषद को समाप्त करते हुए उसे ब्राह्मण समाज में विलय करने की स्वीकृति प्रदान की।

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने कहा कि गठन के बाद से परिषद में अपेक्षित एकरूपता स्थापित नहीं हो सकी। दो वर्षों के दौरान परिषद का विधिवत पंजीयन भी नहीं हो पाया। इसके अतिरिक्त समाज के भीतर असमानता की स्थिति उत्पन्न होने जैसी परिस्थितियों ने संगठन की सक्रियता और प्रभावशीलता को प्रभावित किया। इन सभी कारणों पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से परिषद को भंग करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

सदस्यों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में समाज की एकजुटता, समन्वय और संगठनात्मक मजबूती को प्राथमिकता दी जाएगी। परिषद के विलय से ब्राह्मण समाज को अधिक सशक्त और संगठित रूप में कार्य करने का अवसर मिलेगा।

बैठक में भानु शर्मा, डी.के. शुक्ला, परशु महराज, सूरज शर्मा, मानिक मिश्रा, राजेश शर्मा, मुकेश शर्मा, तिलक शर्मा, अभिषेक शर्मा, अश्विनी शर्मा, कमल नारायण शर्मा, अजित शर्मा एवं अविनाश शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक का समापन समाज की एकता और सामूहिक विकास के संकल्प के साथ किया गया।