3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को मिलेगी आदान सहायता

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए धान खरीदी एवं कृषक उन्नति योजना के माध्यम से कार्य कर रही है। यह जानकारी भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता, मीडिया पैनलिस्ट एवं मुख्य वक्ता बी.पी. सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। इस वर्ष 27.50 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जा रहा है। सरकार का लक्ष्य 160 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी का है। धान विक्रय के 72 घंटे के भीतर किसानों के बैंक खातों में भुगतान की व्यवस्था की गई है।
बी.पी. सिंह ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में किसानों को कुल 35,904.90 करोड़ रुपये की अंतर राशि प्रदान की गई है। इसमें वर्ष 2023-24 में 13,289 करोड़ रुपये, वर्ष 2024-25 में 11,976 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2025-26 में 10,639 करोड़ रुपये शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष पात्र किसानों को 13,839 रुपये प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी। निर्धारित 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी उनके पात्र पंजीकृत रकबे के आधार पर पूरी आदान सहायता प्रदान की जाएगी। इससे कम उत्पादन होने की स्थिति में भी किसानों को आर्थिक सहयोग मिलेगा।

उन्होंने आगे बताया कि किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इस वर्ष कुल 3100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की जाएगी। किसान ‘टोकन तुहर हाथ’ एप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त कर सकेंगे। एग्रीस्टैक आईडी, डिजिटल क्रॉप सर्वे और बायोमेट्रिक व्यवस्था के जरिए खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाया गया है। पिछले वर्ष पंजीकृत किसानों को दोबारा पंजीयन कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
बी.पी. सिंह ने कहा कि कृषक उन्नति योजना का उद्देश्य किसानों की आय में वृद्धि करना, फसल विविधीकरण को प्रोत्साहित करना तथा उन्नत बीज, उर्वरक, कृषि यंत्रों और आधुनिक तकनीकों में निवेश को बढ़ावा देना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि कोई भी पात्र किसान धान विक्रय से वंचित न रहे और उसे योजनाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिन किसानों का पिछले वर्ष एग्रीस्टैक पंजीयन हो चुका है, उन्हें इस वर्ष दोबारा पंजीयन कराने की बाध्यता नहीं है। ऐसे किसान धान विक्रय कर सकेंगे। उन्होंने किसानों से किसी प्रकार की चिंता नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार सभी पात्र किसानों का धान खरीदेगी।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव, मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष एवं जिला कोषाध्यक्ष मुकेश दुबे, बालकृष्ण अग्रवाल, बृजलाल राठौर, सुनील शुक्ला, संतोष तिवारी, अजय राय, आशीष पांडेय, देवशरण राठौर, मनीष श्रीवास, आदित्य गुप्ता, रजनीश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


