बिलासपुर में धूमधाम से निकली 118 पदयात्रा, भक्तों ने बाबा श्याम को अर्पित किए निशान

जन्मोत्सव पर ढोल-नगाड़ों और भजनों के साथ निकली भव्य यात्रा, जयकारों से गूंजा शहर

बिलासपुर। श्याम बाबा के जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार, 20 नवंबर को बिलासपुर में भव्य 118 पदयात्रा का आयोजन किया गया। नर्मदा नगर स्थित शिव मंदिर से प्रारंभ हुई यह पदयात्रा ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजे और श्याम दरबार की आकर्षक झांकी के साथ सत्यम चौक स्थित पंचमुखी हनुमान श्याम मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने विधिवत बाबा श्याम को अपने-अपने निशान अर्पित किए।

पदयात्रा के दौरान वाहन में बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया था। फूल-मालाओं से सुसज्जित बाबा के दर्शन के लिए मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। भक्तजन जय श्री श्याम के जयकारे लगाते हुए भक्ति गीतों की धुन पर नाचते-गाते और झूमते हुए आगे बढ़ते रहे। ढोल-नगाड़ों की गूंज और भक्तिमय वातावरण से नर्मदा नगर से सत्यम चौक तक पूरा मार्ग श्याममय हो गया।

इस पदयात्रा में कमल मित्तल, नरेश अग्रवाल, मुन्ना अग्रवाल, हेराल्ड जी अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, शिवम मित्तल, बसंत साहू, कमलेश अग्रवाल, शकुन अग्रवाल, किरण अग्रवाल, दिनेश भाटिया, धनंजय साहू, द्वारिका भैया सहित बिलासपुर के सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।

शाम को मंदिर में निशान अर्पण के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। आयोजकों ने पदयात्रा में शामिल सभी भक्तों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।