
गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में लंबे समय से लंबित मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने वार्ड का विस्तृत निरीक्षण किया। यह निरीक्षण पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल द्वारा वार्डवासियों की समस्याओं से अवगत कराए जाने के बाद किया गया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने ओवरब्रिज से नयापारा चौक तक नाले की समस्या, महामाया मंदिर एवं शासकीय प्राथमिक शाला के सामने होने वाले जलभराव, अधूरे नाला निर्माण कार्य, अन्नपूर्णा कॉलोनी की जर्जर सड़कों की टॉप ढलाई, शासकीय प्राथमिक शाला भवन के जीर्णोद्धार, आंगनबाड़ी केंद्र के सुधार तथा नयापारा क्षेत्र में अमृत मिशन योजना के अंतर्गत पेयजल आपूर्ति व्यवस्था सहित विभिन्न समस्याओं का स्थल पर जाकर अवलोकन किया।


पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल ने वार्डवासियों की प्रमुख समस्याओं को विस्तार से रखते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। नगर निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के निराकरण के लिए कार्ययोजना तैयार करने के संकेत दिए।

वार्डवासियों ने उम्मीद जताई है कि निरीक्षण के बाद लंबे समय से लंबित समस्याओं का समाधान तेज गति से होगा तथा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित हो सकेगा।
