पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर का सम्मान, जनसेवा एवं उत्कृष्ट कार्यों की सराहना

विजय कुमार साहू की रिपोर्ट –

बिलासपुर।प्रेस रिपोर्टर क्लब द्वारा 13 जून को आयोजित 21वें स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों एवं पत्रकारों के सम्मान का क्रम लगातार जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर का प्रेस रिपोर्टर क्लब के संभागीय पदाधिकारियों द्वारा मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया।

इस अवसर पर संभागीय अध्यक्ष विजय कुमार साहू, संगठन मंत्री संतोष कुमार पटेल एवं ग्रामीण जिला सचिव रामकुमार साहू उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी के जनहितैषी कार्यों, कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के प्रयासों की सराहना की।

पदाधिकारियों ने कहा कि कमला पुसाम ठाकुर ने अपने कार्यकाल में पुलिस और जनता के बीच विश्वास का वातावरण निर्मित करने का सराहनीय प्रयास किया है। उनकी संवेदनशील कार्यशैली, त्वरित कार्रवाई एवं जनसमस्याओं के समाधान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण के कारण क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिली है। समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर उन्होंने जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

सम्मान के दौरान थाना प्रभारी ने प्रेस रिपोर्टर क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज, प्रशासन और मीडिया के संयुक्त सहयोग से ही एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं जागरूक वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने भविष्य में भी जनता की समस्याओं के निराकरण तथा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित सभी लोगों ने समाजहित, जनकल्याण एवं सामाजिक समरसता के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। प्रेस रिपोर्टर क्लब के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रारंभ किए गए सम्मान अभियान के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान निरंतर किया जा रहा है।