पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर ने क्षेत्रवासियों से की शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील

विजय कुमार साहू की रिपोर्ट –

पचपेड़ी। थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर ने 17 जून 2026 को थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों, सरपंचों, कोटवारों, पत्रकारों एवं पुलिस के सहयोगी सदस्यों की बैठक लेकर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में महत्वपूर्ण चर्चा की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा आमजन के सहयोग से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

बैठक के दौरान उपस्थित लोगों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों एवं उनसे संबंधित अपराधों की रोकथाम के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। थाना प्रभारी ने साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी एवं विभिन्न प्रकार के डिजिटल फ्रॉड से बचाव के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाली प्रताड़ना संबंधी मामलों में तत्काल पुलिस को सूचना देने और कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

कमला पुसाम ठाकुर ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्वों की जानकारी अथवा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सामाजिक सौहार्द, भाईचारा और आपसी सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण और अधिक मजबूत होगा। आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता से अपराधों की रोकथाम तथा कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखा जा सकता है।

बैठक में उपस्थित पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पुलिस प्रशासन के जनजागरूकता प्रयासों की सराहना करते हुए क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर क्षेत्र के पत्रकार, सरपंच, पंच, कोटवार, गणमान्य नागरिक एवं पचपेड़ी थाना पुलिस स्टाफ उपस्थित रहे।