
सक्ती और जांजगीर-चांपा जिले के 60 किसानों ने लिया हिस्सा, राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन के तहत खेती की संभावनाओं की दी गई जानकारी
विजय कुमार साहू (संवाददाता)



रायगढ़/तमनार। ऑयल पाम की खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को इसकी संभावनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से ग्राम छिंदभौना, विकासखंड तमनार, जिला रायगढ़ में किसान एक्सपोजर मीटिंग का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन–ऑयल पाम (NMEO-OP) के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में सक्ती और जांजगीर-चांपा जिले के कुल 60 किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा जिले से 30 तथा सक्ती जिले से 30 किसान शामिल हुए। इस दौरान किसानों को ऑयल पाम की खेती के लाभ, इसकी संभावनाओं और कृषि आय बढ़ाने में इसकी भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को इस फसल को अपनाने से जुड़ी संभावनाओं के प्रति जागरूक करते हुए खेती के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उद्यानिकी विभाग की ओर से जांजगीर जिले के बलौदा के ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी शिव सिंह पैकरा तथा सक्ती जिले के उद्यान अधीक्षक खिरोद कुमार बारिक और ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी विश्राम सिंह पोट्टाम उपस्थित रहे।
वहीं, गॉडरेज एग्रोवेट लिमिटेड की ओर से चीफ एग्जीक्यूटिव बापूजी मल्लिक, सीनियर ऑफिसर गौरीशंकर दास, अशोक यादव, रूपेन्द्र मिरी एवं लेखराज साहू ने सहभागिता की। कार्यक्रम में संबंधित जिलों के जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से किसानों को ऑयल पाम की खेती के प्रति जागरूक करने तथा इस क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी देने पर जोर दिया गया। यह पहल किसानों को वैकल्पिक कृषि गतिविधियों से परिचित कराने और कृषि विकास को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।
योजना के बारे में: राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन–ऑयल पाम (NMEO-OP) का उद्देश्य देश में खाद्य तेलों के उत्पादन को बढ़ावा देना और ऑयल पाम की खेती का विस्तार करना है।
