24 अगस्त को बेलपान से केकती तक निकलेगी भव्य कांवड़ यात्रा

सरपंच संघ अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में निकलेगी यात्रा, विभिन्न राज्यों से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना

बिलासपुर। तखतपुर क्षेत्र के बेलपान से केकती तक 24 अगस्त को भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित होने वाली यात्रा का नेतृत्व सरपंच संघ अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ठाकुर करेंगे।

कांवड़ यात्रा सुबह 9 बजे पवित्र मां नर्मदा बेलपान से प्रारंभ होगी और केकती स्थित शिव मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। यात्रा से पूर्व मां नर्मदा नदी की आरती एवं पूजा-अर्चना की जाएगी, जिसके बाद श्रद्धालु पदयात्रा करते हुए केकती के लिए रवाना होंगे।

आयोजक शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि कांवड़ यात्रा में प्रतिवर्ष क्षेत्र के अलावा आसपास के विभिन्न स्थानों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस वर्ष यात्रा को और भव्य स्वरूप देने के लिए बिहार, उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

कांवड़ यात्रा को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।