पामगढ़ में अतिक्रमण पर चला नगर पंचायत का बुलडोजर, शासकीय भूमि कराई गई कब्जामुक्त

कई बार नोटिस जारी करने के बाद हुई कार्रवाई, स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत बनेगा आकांक्षी शौचालय

संवाददाता : विरेन्द्र कुमार
जिला अध्यक्ष, प्रेस रिपोर्टर क्लब जांजगीर-चांपा

पामगढ़। नगर पंचायत प्रशासन ने स्वर्गीय बहोरीलाल सूर्यवंशी चौक स्थित शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए कार्रवाई की। यहां स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के तहत आकांक्षी शौचालय का निर्माण प्रस्तावित है। निर्माण कार्य के लिए भूमि खाली कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने यह कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित पक्ष को पूर्व में कई बार नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया। इसके बाद नगर पंचायत प्रशासन ने पुलिस बल एवं राजस्व टीम की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की और शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ब्रिजमोहन सिंह परस्ते, राजस्व टीम तथा नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

अतिक्रमण हटाए जाने के बाद अब उक्त स्थल पर आकांक्षी शौचालय निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। प्रस्तावित निर्माण स्वच्छ भारत मिशन-शहरी 2.0 के अंतर्गत किया जाना है।