




बिलासपुर। होली पंचमी के अवसर पर बेलतरा-सीपत क्षेत्र में आयोजित बसंत महोत्सव कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट हस्तियों को बसंत अलंकरण से सम्मानित किया गया। इस वर्ष यह सम्मान बिल्हा के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, कुलपति प्रो. ए.डी.एन. बाजपेयी, फिल्म निर्माता डॉ. जेठूराम साहू, वरिष्ठ पत्रकार तारिणी शुक्ला तथा मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल तथा अध्यक्षता बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर पूजा विधानी, नगर निगम सभापति विनोद सोनी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने सम्मानित व्यक्तियों को पटुका, शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह, होली टोपी, चश्मा और रोचना लगाकर अलंकृत किया।
मुख्य अतिथि अमर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि चन्द्रप्रकाश बाजपेयी द्वारा छत्तीसगढ़ी संस्कृति और बसंती परंपराओं को जीवित रखने का कार्य पिछले 31 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है, जो सराहनीय है। उन्होंने बाजपेयी परिवार को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि यह परंपरा आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सुशांत शुक्ला ने कहा कि इस आयोजन ने क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया है और बाजपेयी परिवार इस परंपरा को आगे भी बनाए रखेगा, ऐसी शुभकामनाएं हैं। वहीं महापौर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी और भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ने भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को संरक्षित और प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत अगरु सिंचन इत्र के साथ कार्यक्रम संयोजक चन्द्रप्रकाश बाजपेयी, बेलतरा सरपंच सुरेश कश्यप, सीपत सरपंच मनीषा योगेश वंशकार, पूर्व पार्षद अखिलेश चन्द्र बाजपेयी, पार्षद नीतिन पटेल, त्रिवेणी गोई, विष्णु यादव, विभा गौरहा, महेंद्र टंडन, दीपेश शुक्ला, किरण मोले, श्रद्धा तिवारी, सीमा यादव और शत्रुघ्न सोनी ने किया।
काव्य भारती के संरक्षक डॉ. विजय सिन्हा ने स्व. गंगाप्रसाद बाजपेयी, स्व. चन्द्रप्रभा बाजपेयी और स्व. मनीष दत्त को स्मरण करते हुए उनके योगदान को याद किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में बसंत गीतों की प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। आशुतोष सिंह, अंचल तिवारी, कनिष्क वर्मा, कनक साहू और अमितेष त्रिवेदी ने बसंत गीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध किया। वहीं विख्यात कलाकार कौशल अनुप (कवर्धा) की लाफ्टर प्रस्तुति ने दर्शकों को खूब हंसाया।
छत्तीसगढ़ी फाग और बसंत गीतों की प्रस्तुति माधव चन्द्राकर, प्रो. रामनारायण ध्रुव, गौरीशंकर चन्द्राकर, अनिरुद्ध चन्द्राकर, आर.एस. चन्द्राकर, आर.डी. कश्यप, अमलेश चन्द्राकर और देव चन्द्राकर ने दी, जिससे पूरा आयोजन उत्साह और उमंग से भर उठा।
गौरतलब है कि यह आयोजन पिछले 31 वर्षों से लगातार होली पंचमी के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बसंत अलंकरण, फाग गायन, बांसुरी वादन, छत्तीसगढ़ी गम्मत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों का स्वस्थ मनोरंजन किया जाता है। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया जाता है।
संस्था के संस्थापक और संयोजक चन्द्रप्रकाश बाजपेयी ने आयोजन और बसंत अलंकरण की परंपरा की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. उषाकिरण बाजपेयी ने किया तथा आभार प्रदर्शन अखिलेश चन्द्र प्रदीप बाजपेयी ने किया।
इस अवसर पर नगर के बड़ी संख्या में नागरिक, बच्चे और बुजुर्ग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में बाजपेयी परिवार द्वारा सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का पारंपरिक भजिया, झोझो और ठंडाई से स्वागत किया गया।
