
बिलासपुर, 21 जून। केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल योग प्रशिक्षिका अक्षिता अदिति के मार्गदर्शन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम के अभ्यास से हुआ। प्रतिभागियों ने ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम तथा ध्यान का अभ्यास किया। योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने पर विशेष बल दिया गया।
विद्यालय के प्राचार्य शरद कुमार कैवर्त ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing (स्वस्थ आयु के लिए योग)” रही, जिसके माध्यम से सभी आयु वर्ग के लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने इस आयोजन के माध्यम से समाज में स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक शांति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।
