
दुर्ग/भिलाई/बालोद।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा लगातार 173वें सप्ताह स्वच्छता, पौधारोपण, जल संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन में प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर व्यापक जनजागरण कार्यक्रम चलाए गए।
अभियान के तहत शिवनाथ नदी घाट स्थित शिव मंदिर ग्राम महमरा (दुर्ग) में साफ-सफाई कर ट्री गार्ड में फलदार पौधों का रोपण किया गया। वहीं ग्राम पीपरछेड़ी के मुक्ति धाम में पूर्व में लगाए गए छायादार पौधों के आसपास उगे खरपतवार को हटाकर उनकी देखभाल की गई। हुडको तालाब भिलाई नगर में स्वच्छता अभियान चलाकर जल संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके अलावा शिव पार्वती धाम बालोद, शिव मंदिर महाकाल सुरेगांव, शिव दुर्गा मंदिर भिलाई तथा ग्राम अंजोरा सहित विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया गया।
समिति के सदस्यों ने नदी, तालाब एवं मंदिर परिसरों से प्लास्टिक कचरा, पानी पाउच, बोतलें, खाद्य पदार्थों के रैपर, गुटखा पाउच, डिस्पोजल सामग्री, जूठे दोना-पत्तल तथा पूजन सामग्री एकत्र कर निर्धारित स्थान पर डंप किया। लंबे समय से जमा यह कचरा सड़कर दुर्गंध फैला रहा था, जिसे हटाकर परिसर को स्वच्छ बनाया गया।
अभियान के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति तथा पौधारोपण के प्रति जागरूक किया गया। बैनर, नारे, स्लोगन एवं कविताओं के माध्यम से लोगों से सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाने तथा जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई। समिति द्वारा “जल है तो बल है”, “जल ही जीवन धारा है”, “जागो और जगाओ, स्वच्छता अपनाओ”, “पौधे लगाकर पेड़ बनाओ, जीवन में खुशियां बरसाओ” जैसे संदेशों के माध्यम से जनजागरण किया गया।
नवनीत कुमार हरदेल ने बताया कि समिति पिछले पांच वर्षों से लगातार नदी-तालाबों की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए अभियान चला रही है। उन्होंने प्रशासन से तालाबों एवं जलाशयों में पूजन सामग्री विसर्जन हेतु पृथक कुंड निर्माण की मांग दोहराते हुए कहा कि इससे जल स्रोतों की स्वच्छता बनी रहेगी और प्रदूषण में कमी आएगी।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या थनेश्वरी हरदेल ने कहा कि समिति स्वयं श्रमदान कर समाज को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नशामुक्ति एवं पौधारोपण के लिए प्रेरित कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अभियान में प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, प्रदेश सचिव आशीष कुमार दिल्लीवार, संयुक्त सचिव सुरेन्द्र साहू, थनेश्वरी हरदेल, राजेंद्र कुमार साहू, टीनल हरदेल, नरेंद्र देशमुख, मनीष कुमार, डॉ. हामेश्वर देशमुख, महेंद्र यादव, चितरंजन दुर्गा देशमुख, कार्तिक राम चंद्राकर, डेरहा देशमुख, टिकेंद्र हरदेल, भागीरथी सिन्हा, दाऊलाल बघेल, श्वेता जैन, निकिता जयेश शिंगणे, भानु शंकर बेलचंदन सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
