भिलौनी में शिवनाथ नदी से अवैध रेत खनन का मामला, प्रशासन को दी गई शिकायत

विजय कुमार साहू की रिपोर्ट –

बिलासपुर। ग्राम पंचायत भिलौनी क्षेत्र में स्थित शिवनाथ नदी से कथित रूप से अवैध रेत खनन किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों एवं जागरूक नागरिकों ने आरोप लगाया है कि नदी क्षेत्र में नियमों को दरकिनार कर रेत का उत्खनन किया जा रहा है, जिससे नदी के प्राकृतिक स्वरूप एवं पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना पचपेड़ी तहसील के तहसीलदार को दे दी गई है। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मौके पर जांच कर अवैध खनन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे अवैध रेत उत्खनन से नदी के जलस्तर, तटों की संरचना तथा आसपास के पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

शिकायत के बाद अब स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की निगाहें टिकी हुई हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो अवैध खनन की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है। क्षेत्र के नागरिकों ने शिवनाथ नदी के संरक्षण एवं अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है।