

हस्तशिल्प, हस्तकला और कुटीर उद्योग के उत्पाद रहे आकर्षण का केंद्र
बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर के रेलवे इंस्टीट्यूट ग्राउंड में 7 सितंबर से आयोजित देवश्री मेला महोत्सव का समापन 9 सितंबर को होगा। तीन दिवसीय इस मेले में शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मेले में महिलाओं द्वारा विभिन्न प्रकार के स्टॉल लगाए गए, जिनमें हैंडमेड एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ हस्तशिल्प, हस्तकला, कुटीर एवं लघु उद्योग से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए गए। विभिन्न प्रकार के उत्पादों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके हुनर को बाजार उपलब्ध कराना रहा।
आयोजक जे. मीरा, ए. मनी और आर. वनजा ने बताया कि मेले में सभी वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। 9 सितंबर को होने वाले समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों के हाथों प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही मेले में खरीदारी करने वाले ग्राहकों के लिए विशेष उपहार की व्यवस्था भी की गई है। 4 हजार रुपये की खरीदारी करने वाले ग्राहकों को विशेष गिफ्ट दिया जा रहा है।
आयोजकों ने शहरवासियों से समापन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महिला उद्यमियों एवं स्थानीय हस्तशिल्पकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
