छत्तीसगढ़ की श्वेता अविनाश बावनकर ने जीता मिसेस इंडिया यूनिवर्सल इंडिया का खिताब

शानदार रैंप वॉक और डांस प्रदर्शन से निर्णायकों को किया प्रभावित

इंदौर। इंदौर के जार्डिन होटल में आयोजित मिसेस इंडिया यूनिवर्स प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की श्वेता अविनाश बावनकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

आयोजन का संचालन वीएमएस ऑर्गनाइजर्स के जितेंद्र सिंह और कविता सिंह द्वारा किया गया। बॉलीवुड अभिनेत्री दीपशिखा नागपाल प्रतियोगिता में सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता में 50 से अधिक प्रतिभागियों का विभिन्न कैटेगरी में चयन किया गया।

पेशे से शिक्षिका श्वेता को कोरियोग्राफी, मॉडलिंग और फैशन के क्षेत्र में भी अच्छा अनुभव है। प्रतियोगिता के दौरान उनकी आकर्षक और प्रोफेशनल रैंप वॉक ने निर्णायकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। वहीं, टैलेंट राउंड में उनके शानदार डांस प्रदर्शन ने भी जजों को प्रभावित किया। उनकी रैंप वॉक और प्रतिभा इन दिनों एंटरटेनमेंट, मॉडलिंग और इवेंट इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बनी हुई है।

मॉडलिंग और फैशन के प्रति श्वेता की रुचि केवल पेजेंट तक सीमित नहीं है। वह मौसम और अवसर के अनुरूप फैशन कपड़ों एवं ज्वेलरी के व्यवसाय से भी जुड़ी हुई हैं। इस उद्यम से उन्हें फैशन, स्टाइलिंग, कपड़ों और ज्वेलरी की बारीकियों को करीब से समझने का अवसर मिला, जिसका प्रभाव उनके मॉडलिंग और रैंप वॉक में भी दिखाई देता है।

श्वेता ने बताया कि उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा अमेरिका में रह रही उनकी मॉडल कजिन हैं, जिन्होंने अमेरिका में आयोजित मिसेस अमेरिका प्रतियोगिता में जीत हासिल की थी। इसके अलावा, उनके आठ वर्षीय बेटे अबीर भी उनके जीवन में प्रेरणा का महत्वपूर्ण स्रोत हैं, जो सेरेब्रल पाल्सी के साथ जीवन की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। बेटे की चुनौतियों के बीच भी श्वेता ने अपने सपनों को पूरा करने का जज्बा कायम रखा।

श्वेता का यह तीसरा पेजेंट खिताब है। उनकी सफलता आत्मविश्वास, निरंतर मेहनत, प्रतिभा और अपने सपनों के प्रति समर्पण का परिणाम है। मिसेस इंडिया यूनिवर्स का खिताब जीतकर उन्होंने अपने परिवार के साथ-साथ छत्तीसगढ़ का नाम भी रोशन किया है।