कल से न्यायधानी बिलासपुर में दो दिवसीय साड़ी फिस्टा

10 सितंबर को होगा रनवे शो, महिलाओं के हुनर और लघु उद्योगों को मिलेगा मंच

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में 9 और 10 सितंबर को होटल बल्ले-बल्ले में दो दिवसीय साड़ी फिस्टा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आयोजन में बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से महिलाएं शामिल होंगी और अपने हुनर, कला एवं हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन स्टॉल के माध्यम से करेंगी।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के साथ उनके छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देना और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है। प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प, हस्तकला, हैंडमेड सामग्री, कुटीर एवं लघु उद्योगों के विभिन्न उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके साथ ही फूड जोन और मनोरंजन की भी व्यवस्था की गई है।

आयोजक लताश्री राव ने बताया कि साड़ी फिस्टा के माध्यम से महिलाओं को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि मिल-जुलकर अपने व्यवसाय को किस तरह आगे बढ़ाया जा सकता है और छोटे-छोटे व्यवसायों को नेटवर्किंग के माध्यम से कैसे विस्तार दिया जा सकता है। साथ ही अपने व्यवसाय के माध्यम से अन्य लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के अवसरों पर भी विशेष रूप से चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान 10 सितंबर को विशेष रनवे शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें फैशन और पारंपरिक परिधानों की आकर्षक प्रस्तुति देखने को मिलेगी। आयोजन में मीना नितिन शाक्या, नीना मलिक, सृष्टि सिंह, बी. उमा, जसवीता सहित अन्य महिलाएं सक्रिय रूप से शामिल हैं। वहीं इनफ्लुएंसर के रूप में आकांक्षा मानिकपुरी और आकृति अग्रवाल भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगी।

आयोजकों के अनुसार साड़ी फिस्टा महिलाओं की प्रतिभा, उद्यमिता और रचनात्मकता को मंच प्रदान करने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों एवं लघु उद्योगों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।