गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 के विकास कार्यों को मिली गति, प्रमुख सचिव आर संगीता ने दिए आवश्यक निर्देश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की प्रमुख सचिव आर संगीता के बिलासपुर दौरे के दौरान गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 के विभिन्न जनहित एवं विकास कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। वार्ड के लोकप्रिय पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल ने वार्डवासियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं से प्रमुख सचिव को अवगत कराया। इस दौरान वार्ड में लंबित विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल ने प्रमुख सचिव के समक्ष वार्ड क्रमांक 46 अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला भवन जीर्णोद्धार, आंगनबाड़ी भवन सुधार कार्य, आबादी भूमि पर निवासरत परिवारों को पट्टा वितरण, अन्नपूर्णा कॉलोनी में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, गार्डन विकास, नयापारा चौक से ओवर ब्रिज तक नाला एवं स्मार्ट सड़क निर्माण, हाई मास्क लाइट स्थापना तथा सीसीटीवी कैमरा लगाने जैसी प्रमुख मांगों को विस्तारपूर्वक रखा।

इस अवसर पर बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे को भी वार्ड के विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित आवेदन एवं निवेदन प्रस्तुत किए गए। बताया गया कि कलेक्टर द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक रिमार्क एवं निर्देश जारी किए गए।

वार्डवासियों ने उम्मीद जताई है कि शासन एवं प्रशासन के सकारात्मक सहयोग से गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

अंत में पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल ने प्रमुख सचिव आर संगीता, बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल तथा नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जनहित कार्यों में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।