
बिलासपुर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बिलासपुर में भारतीय भाषा समर कैंप का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की विविध भाषाओं, संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराना है।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य शरद कुमार कैवर्त ने कहा कि भारतीय भाषाएं राष्ट्रीय एकता, भाषाई सम्मान एवं सांस्कृतिक समन्वय को मजबूत करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को देश की सांस्कृतिक विविधता से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को बांग्ला भाषा के सामान्य शब्द, अभिवादन शैली, लोकगीत, सांस्कृतिक गतिविधियां एवं संवाद कौशल की जानकारी दी जाएगी। समर कैंप के प्रथम दिवस आयोजित विभिन्न सत्रों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पहले सत्र में विद्यालय के शिक्षक सोमेनदास गुप्ता ने विद्यार्थियों को बांग्ला भाषा में अभिवादन करने की विधि सिखाई। दूसरे सत्र में अभिनव बोस ने विद्यार्थियों को बांग्ला वर्णमाला से परिचित कराया। वहीं अंतिम सत्र में पार्थ भट्टाचार्य ने विद्यार्थियों को बांग्ला लोकगीतों एवं सांस्कृतिक परंपराओं की जानकारी दी।
विद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि यह शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगा तथा “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को और अधिक सशक्त बनाएगा।
