

भिलाई नगर। हरा-भरा, स्वच्छ धरा के संकल्प के साथ स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ की टीम ने अपने 157वें साप्ताहिक स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता अभियान का आयोजन श्री जगन्नाथ मंदिर, सेक्टर 06, भिलाई नगर में किया।
संस्थापक प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल के मार्गदर्शन एवं गुरुदेव बिरेंद्र कुमार देशमुख के प्रेरक सान्निध्य में समिति के सदस्यों ने मंदिर परिसर में झिल्ली, कागज, खाद्य पदार्थों के रेपर, प्लास्टिक चम्मच, फलों के छिलके, पानी पाउच, प्लास्टिक बोतलें, गुटखा पाउच सहित अन्य कचरे को एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया।
अभियान के दौरान मंदिर में आए श्रद्धालुओं को बैनर, नारे, स्लोगन और कविता के माध्यम से स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों से अपील की गई कि कचरा इधर-उधर न फेंककर डस्टबिन में ही डालें, ताकि परिसर स्वच्छ और पवित्र बना रहे।
नवनीत कुमार हरदेल ने कहा कि मंदिर समिति द्वारा प्रतिदिन साफ-सफाई की जाती है, इसलिए आम नागरिकों का भी कर्तव्य है कि वे स्वच्छता में सहयोग करें। उन्होंने कहा, “स्वच्छता में ही ईश्वर का वास होता है। स्वच्छ धरा पर चल, होगा हर समस्या हल।”
गुरुदेव बिरेंद्र कुमार देशमुख ने कहा कि समिति स्वयं कचरा उठाकर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को अपनाने तथा खुले में शौच न करने और न करने देने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
समिति से जुड़कर सेवा कार्य करने के इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 7879558764 पर संपर्क कर सकते हैं।
अभियान में प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल, संयुक्त सचिव सुरेंद्र साहू, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्या निकिता शिंगणे, श्वेता जैन, सरोज टहनगुरिया, चितरंजन दुर्गा देशमुख, महेंद्र यादव, कार्तिक राम चंद्राकर, विजय कुमार सिंह एवं विमल टहनगुरिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
