
बालोद। होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले में सघन तलाशी एवं चलानी कार्रवाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
जिला पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश पर सिटी कोतवाली प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, संवेदनशील इलाकों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
🚔 सघन जांच और कड़ी कार्रवाई
त्योहार के मद्देनजर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।
ट्रिपल राइडिंग
बिना हेलमेट वाहन चलाना
शराब पीकर ड्राइविंग
तेज रफ्तार वाहन
सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग
जैसे मामलों में तत्काल चालानी कार्रवाई की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी श्री सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नशापान कर उत्पात मचाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
होटल-लॉज और सोशल मीडिया पर निगरानी
पुलिस द्वारा होटल, लॉज और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी जांच अभियान चलाया जा रहा है। वहीं सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भी पुलिस की पैनी नजर है, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना से माहौल खराब न हो।
🤝 भाईचारे के साथ मनाएं होली
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाएं। जबरन रंग लगाने, हुड़दंग करने या कानून तोड़ने वालों पर सख्ती से कार्रवाई होगी।
जिला पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शरारत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन को विश्वास है कि इस वर्ष होली का पर्व जिले में शांति, उल्लास और सौहार्द के साथ संपन्न होगा।
