






दिनांक 28 फरवरी 2026, शनिवार को अग्रसेन पब्लिक स्कूल एवं श्री जगदीश कुमार दानी विद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय परिसर में “आभार उत्सव” कार्यक्रम का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय की आया दीदियों एवं सेवक साथियों के समर्पण, सेवा-भाव और निरंतर सहयोग के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना था।
कार्यक्रम का वातावरण आत्मीयता, संस्कार और सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पुष्पगुच्छ, अभिनंदन-पत्र (कार्ड), मिठाई तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर अपने स्नेह और आभार को अभिव्यक्त किया। बच्चों की सहज एवं भावनात्मक प्रस्तुति ने उपस्थित सभी जनों को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर प्राचार्या आकांक्षा गुप्ता तथा प्राचार्य एम. एल. कर्माकर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “Thank You” केवल एक शब्द नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संस्कार और मानवीय मूल्यों की अभिव्यक्ति है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के समर्पित सहयोगी प्रतिदिन निष्ठा, परिश्रम और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं, जिससे विद्यालय की समग्र व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती है।
उद्बोधन में यह भी संदेश दिया गया कि प्रत्येक व्यक्ति के कार्य और योगदान का सम्मान करना, कृतज्ञता प्रकट करना तथा जीवन में विनम्रता और संवेदनशीलता को अपनाना ही सच्चे शिक्षित होने का परिचायक है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और सकारात्मक सहभागिता से यह आयोजन सफल एवं स्मरणीय बन सका।
