

बालोद, 17 फरवरी 2026।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए बालोद पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान अब प्रभावी परिणाम देने लगा है। पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस बालोद ने विगत डेढ़ माह में व्यापक कार्रवाई करते हुए शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर सख्त शिकंजा कसा है।
अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बालोद बोनीफॉस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक रविकांत पांडे के नेतृत्व में जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर न केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई, बल्कि आम जनता में जागरूकता लाने का भी व्यापक प्रयास किया गया।
इस अभियान के दौरान विगत डेढ़ माह में कुल 2569 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 15,67,400 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वहीं शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 94 चालकों को पकड़कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय द्वारा कुल 9,68,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
यातायात पुलिस द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी सख्ती दिखाई गई। अभियान के दौरान 151 चालकों पर 80,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने पर प्रथम अपराध में 10,000 रुपये जुर्माना एवं 6 माह की सजा तथा द्वितीय अपराध में 15,000 रुपये जुर्माना एवं 2 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।
बालोद पुलिस ने शराबी वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। प्रथम बार पकड़े गए चालकों का लाइसेंस 6 माह के लिए निलंबित किया जा रहा है, जबकि दूसरी बार शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
यातायात प्रभारी निरीक्षक रविकांत पांडे द्वारा पदभार संभालने के बाद जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी देखी जा रही है। उनके नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग, जागरूकता अभियान और कड़ी कार्रवाई के चलते वाहन चालकों में नियमों के पालन को लेकर सतर्कता बढ़ी है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित निगरानी और रात्रि गश्त से यातायात व्यवस्था में सुधार महसूस किया जा रहा है।
यातायात पुलिस बालोद ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे शराब सेवन कर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग न करें तथा नाबालिगों को वाहन चलाने न दें। साथ ही मालवाहक वाहनों में सवारी भरकर परिवहन न करने और रात्रि में अपर-डिपर का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है।
बालोद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा और दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
