शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बेल्हा में समय से पहले छुट्टी, कक्षाएं रहीं खाली — शिक्षक आराम करते मिले

जांजगीर-चांपा। शिक्षा व्यवस्था की जमीनी सच्चाई एक बार फिर उजागर हुई है। ग्राम पंचायत बेल्हा स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में निर्धारित समय के दौरान गंभीर लापरवाही सामने आई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर 2:44 बजे निरीक्षण के दौरान विद्यालय पहुंचने पर सभी कक्षाएं खाली मिलीं। एक भी छात्र उपस्थित नहीं था, जबकि विद्यालय का समय समाप्त नहीं हुआ था। बताया गया कि छात्रों को समय से पहले छुट्टी दे दी गई थी। इस बीच शिक्षक विद्यालय परिसर में बैठे आराम करते नजर आए।

यह स्थिति न केवल अनुशासनहीनता दर्शाती है, बल्कि विद्यार्थियों के शैक्षणिक भविष्य पर भी प्रश्नचिन्ह लगाती है। अभिभावकों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि स्कूल समय के दौरान ही बच्चों को घर भेज दिया जाएगा, तो पढ़ाई की गुणवत्ता और नियमितता दोनों प्रभावित होंगी।

प्रेस रिपोर्टर क्लब के जिलाध्यक्ष दीपक बंजारे ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि शिक्षा जैसे संवेदनशील क्षेत्र में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं हो सकती। उन्होंने संबंधित शिक्षा अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

प्रेस रिपोर्टर क्लब ने इस विषय को प्रमुखता से उठाते हुए प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की अपेक्षा जताई है। स्थानीय नागरिकों का भी मानना है कि यदि समयबद्ध शिक्षण सुनिश्चित किया जाए और जवाबदेही तय हो, तो विद्यार्थियों को बेहतर और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण मिल सकता है।

➖दीपक बंजारे
जिला अध्यक्ष
जांजगीर चांपा