प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश संरक्षक गंगा प्रसाद बंजारे ने वृद्धाश्रम में मनाया जन्मदिन, दिया मानवता और बुजुर्गों की सेवा का अनूठा संदेश

बिलासपुर। खुशियां बांटने से बढ़ती हैं और सच्ची मानवता वहीं है जहां बुजुर्गों का आशीर्वाद शामिल हो। इसी संदेश को चरितार्थ करते हुए प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश संरक्षक गंगा प्रसाद बंजारे ने अपने 64वें जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ के विशेष अवसर को सेवा और समर्पण की मिसाल बना दिया। बंजारे ने किसी चकाचौंध भरे पारंपरिक आयोजन के बजाय मसानगंज स्थित कल्याण कुंज वृद्धाश्रम में एकाकी जीवन जी रहे बुजुर्गों के बीच पहुंचकर इस दिन को बेहद खास और प्रेरणादायक बनाया। यह कार्यक्रम श्रीसूर्य पुष्पा फाउंडेशन के सानिध्य में संपन्न हुआ।
गंगा प्रसाद बंजारे अपने पूरे परिवार के साथ वृद्धाश्रम पहुंचे थे। परिवार के सदस्यों और बच्चों ने वहां रह रहे वरिष्ठ जनों का आदरपूर्वक कुशलक्षेम जाना, उनके चरण स्पर्श किए और जीवन की राह में आगे बढ़ने के लिए उनका स्नेहिल आशीर्वाद लिया। इस आत्मीय मिलन के दौरान बंजारे परिवार द्वारा बुजुर्गों को फल वितरित किए गए। अपनों जैसा साथ और सम्मान पाकर वृद्धजनों के चेहरे खिल उठे।


प्रेस रिपोर्टर क्लब के पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में जब लोग अपनी खुशियों को सिर्फ व्यक्तिगत दायरे तक सीमित रखते हैं, ऐसे में समाज के उपेक्षित या अकेले रह रहे बुजुर्गों को समय देना और उनका आदर करना मानवता की सच्ची सेवा है। बंजारे का यह सेवाभावी कार्य समाज के अन्य लोगों और युवाओं को भी अपने जीवन के विशेष दिनों को सार्थक बनाने तथा बुजुर्गों की सेवा के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करेगा।