शिक्षा एवं सामाजिक योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सभी अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं : डॉ. उमेश दुबे

गौ विज्ञान परीक्षा, शाक वाटिका एवं उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम को सफल बनाने का किया आह्वान

डॉ. उमेश दुबे, जिला नोडल अधिकारी एवं विकासखंड परियोजना अधिकारी ने शिक्षकगण, प्रधान पाठकों, संकुल समन्वयकों, शैक्षिक अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामवासियों से शासन की महत्वपूर्ण शैक्षिक एवं सामाजिक योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा, सक्रियता एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में तीन महत्वपूर्ण कार्यों में सभी की सहभागिता आवश्यक है। इनमें गौ विज्ञान परीक्षा 2026, शाक वाटिका (किचन गार्डन) एवं उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम प्रमुख हैं। इन सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने, विद्यालयों में पोषण एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा समाज से निरक्षरता दूर करने में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।

डॉ. दुबे ने गौ विज्ञान परीक्षा 2026 के संबंध में कहा कि इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों में गौवंश संरक्षण, संवर्धन, भारतीय संस्कृति एवं गौ आधारित वैज्ञानिक जानकारी के प्रति जागरूकता विकसित की जानी है। इसके लिए अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। उन्होंने इसे केवल परीक्षा नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार एवं जागरूकता का अभियान बनाने पर जोर दिया।

शाक वाटिका (किचन गार्डन) के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में शाक वाटिका विकसित करने के लिए शिक्षक एवं विद्यालय परिवार सक्रिय भूमिका निभाएं। इसके माध्यम से बच्चों को पौधों की देखभाल, जैविक खेती, पोषण, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का व्यावहारिक ज्ञान दिया जा सकता है। उन्होंने प्रत्येक विद्यालय को हरियाली और पोषण का केंद्र बनाने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।

उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के संबंध में उन्होंने कहा कि समाज से निरक्षरता दूर करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके अंतर्गत असाक्षर व्यक्तियों को चिह्नित कर उन्हें साक्षर बनाने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। शिक्षक, विद्यार्थी, स्वयंसेवक एवं जागरूक नागरिक मिलकर साक्षरता अभियान को आगे बढ़ाएं।

डॉ. उमेश दुबे ने कहा कि इन तीनों अभियानों को केवल शासकीय कार्यक्रम न समझकर सामाजिक परिवर्तन, शिक्षा के विस्तार और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम मानना चाहिए। प्रत्येक विद्यालय इन कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाए और प्रत्येक शिक्षक अपनी जिम्मेदारी को अभियान के रूप में पूरा करे।

उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल कार्यक्रमों का संचालन करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है। एकजुट प्रयास, सामूहिक सहभागिता और दृढ़ संकल्प से ही सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। उन्होंने सभी शिक्षकगण, विद्यार्थियों, अधिकारियों एवं ग्रामवासियों से इन अभियानों को सफल बनाने में सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता की अपील की।