162वें सप्ताह भी जारी स्वच्छ धरा का संकल्प: शिवनाथ नदी व प्राचीन शिव मंदिर परिसर में स्वच्छता, जल संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश

छत्तीसगढ़। “हरा-भरा, स्वच्छ धरा” के संकल्प को साकार करते हुए स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति छत्तीसगढ़ द्वारा लगातार 162वें सप्ताह प्राचीन शिव मंदिर एवं शिवनाथ नदी मुक्ति धाम परिसर में स्वच्छता, जल संरक्षण एवं नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत समिति के सदस्यों ने मंदिर परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाकर झिल्ली, जूठे दोना-पत्तल, पानी पाउच, प्लास्टिक बोतलें, खाद्य पदार्थों के रैपर, गुटखा पाउच तथा शराब की खाली बोतलों सहित बड़ी मात्रा में कचरा एकत्रित कर निर्धारित स्थान पर डंप किया, जिसे नगर निगम द्वारा उठाया जाएगा। सफाई के दौरान मंदिर परिसर में असामाजिक तत्वों द्वारा मदिरा सेवन के प्रमाण भी मिले, जिससे समिति ने गहरी चिंता जताई।

समिति ने आमजन से अपील की कि मंदिर जैसे पवित्र स्थलों पर मदिरा सेवन न करें और कचरे को डस्टबिन में ही डालें, ताकि परिसर की स्वच्छता और गरिमा बनी रहे। उल्लेखनीय है कि मंदिर समिति द्वारा जगह-जगह डस्टबिन की व्यवस्था होने के बावजूद लोग कचरा इधर-उधर फेंकते नजर आए, जिसे लेकर जागरूकता की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

इसके पश्चात टीम ने शिवनाथ नदी घाट पर पहुंचकर नदी में बहकर आए कचरे को बाहर निकालकर किनारे एकत्रित किया। घाट पर आए श्रद्धालुओं और नागरिकों को बैनर, नारे, स्लोगन और कविताओं के माध्यम से स्वच्छता एवं जल संरक्षण का संदेश दिया गया। “जल है तो बल है” और “नशे का होना आदी, घर परिवार की है बर्बादी” जैसे संदेशों के जरिए लोगों को जागरूक किया गया।

संस्था के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष नवनीत कुमार हरदेल ने बताया कि समिति हर वर्ष गर्मी के पूर्व नदी की सफाई का विशेष अभियान चलाती है, जिससे जल स्रोतों को स्वच्छ रखा जा सके। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजन सामग्री का सीमित उपयोग करें और प्लास्टिक का प्रयोग कम से कम करें, ताकि नदी में गंदगी और दुर्गंध न फैले।

समिति के सदस्य नरेंद्र बंछोर ने कहा कि टीम स्वयं कचरा उठाकर समाज को प्रेरित करने का कार्य कर रही है और लोगों से आग्रह किया कि वे अपने आसपास स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं।

इस अभियान में नवनीत कुमार हरदेल, निकिता शिंगणे, श्वेता जैन, सरोज टहनगुरिया, चितरंजन दुर्गा देशमुख, महेंद्र यादव, भानु शंकर बेलचंदन, राजू शर्मा, देवनाथ सिन्हा, दिनेश यादव, उर्मिला देवी सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

स्वच्छ धरा वेलफेयर समिति का यह सतत अभियान न केवल स्वच्छता की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है, बल्कि समाज में पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता का मजबूत संदेश भी दे रहा है।
“स्वच्छ धरा पर चल, होगा हर समस्या हल”