पौंसरा (बेलतरा) में 12 अप्रैल को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, जनभागीदारी की अपील

बिलासपुर। जनसेवा और मानवता के उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए अर्पित रक्तदान एवं जन कल्याण सेवा समिति बिलासपुर एवं श्री राम ब्लड कंपोनेंट सेंटर बिलासपुर के संयुक्त तत्वाधान में 12 अप्रैल 2026 (रविवार) को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर ग्राम पंचायत पौंसरा (बेलतरा) स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, अटल बाजार में सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा।

आयोजन समिति ने बताया कि यह शिविर “जन जागरूकता अभियान” के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा।

रक्तदान के फायदे भी बताए गए
आयोजकों के अनुसार रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। नियमित रक्तदान से शरीर में आयरन संतुलित रहता है, ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है, नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है तथा कई गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है। एक यूनिट रक्त से 3 से 4 लोगों का जीवन बचाया जा सकता है।

कौन कर सकता है रक्तदान
18 से 65 वर्ष के स्वस्थ व्यक्ति, जिनका वजन 45 किलोग्राम से अधिक है, वे रक्तदान कर सकते हैं। पुरुष प्रत्येक 3 माह में एवं महिलाएं निर्धारित अंतराल में सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकती हैं।

समिति पदाधिकारियों की सक्रिय भूमिका
इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं, जिनमें भुवन पटेल (अध्यक्ष), विजय कुमार साहू (उपाध्यक्ष), नारायण साहू (सचिव), ओमप्रकाश पटेल (कोषाध्यक्ष) के साथ तरुण पटेल, राजेंद्र धुरी, समीर यादव एवं सीमा कोलते विशेष रूप से शामिल हैं।

आयोजन समिति ने सभी नागरिकों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करें और मानवता की सेवा के इस महाअभियान का हिस्सा बनें।

यह शिविर समाज में सेवा, सहयोग और जीवनदान के संदेश को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।