राघवेंद्र सभा भवन में सजेगा महिला उद्यमिता का महाकुंभ, 7 से 9 अगस्त तक लगेगी भव्य प्रदर्शनी

स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमियों और हस्तशिल्प से जुड़ी महिलाओं को मिलेगा अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर

बिलासपुर। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को व्यापक पहचान दिलाने के उद्देश्य से सक्षम नारी कल्याण सशक्तिकरण द्वारा 7, 8 एवं 9 अगस्त को राघवेंद्र सभा भवन में तीन दिवसीय महिला उद्यमिता एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी का शुभारंभ 7 अगस्त को होगा।

आयोजन का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों, महिला उद्यमियों एवं हस्तशिल्प कला से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ समाज में उनकी पहचान को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद, महिला उद्यमियों द्वारा तैयार वस्तुएँ तथा अन्य आकर्षक सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। आयोजन में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोगों की सहभागिता रहेगी तथा महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में प्रभा मूर्ति, रिकु सिंह देव, रुबी सलूजा, मिस मंजूला विश्वास, जी. रुपल, पूनम तावड़कर, कामिनी स्वर्णकार, एम. राजेश्वरी, दिव्या डहरिया, महारानी सहित सक्षम नारी कल्याण सशक्तिकरण के समस्त सदस्य उपस्थित रहेंगे।