राष्ट्रीय कराते चैंपियनशिप के लिए छत्तीसगढ़ टीम रवाना

7 से 9 अगस्त तक पश्चिम बंगाल में होगी राष्ट्रीय प्रतियोगिता, प्रदेश के चयनित खिलाड़ी करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व

बिलासपुर, 6 अगस्त 2026। कराते एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 7 से 9 अगस्त 2026 तक नेताजी सुभाष स्पोर्ट्स एरिना, प्रियोनगर, चिनसुराह (हुगली), पश्चिम बंगाल में आयोजित होने वाली केएआई राष्ट्रीय कराते चैंपियनशिप-2026 में छत्तीसगढ़ के चयनित खिलाड़ी सब-जूनियर, कैडेट एवं जूनियर वर्ग में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ियों को 6 अगस्त को बिलासपुर से हावड़ा के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर कराते एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष सुशील चंद्रा एवं महासचिव अविनाश शेट्टी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी लगन, अनुशासन और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया।

टीम को ‘जीतबो छत्तीसगढ़’ के उद्घोष के साथ रवाना किया गया। इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों को सफल प्रदर्शन के लिए शुभाशीष प्रदान किया गया।

इन अधिकारियों और प्रशिक्षकों को सौंपी गई जिम्मेदारी

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ टीम के टीम मैनेजर डॉ. निदेश चौबे तथा सहायक टीम मैनेजर मनोज यादव बनाए गए हैं। वहीं ऑफिशियल के रूप में अशोक कुमार वर्मा, ठाकुर कर्ण सिंह एवं प्रतीक सोनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

बालक वर्ग के कोच के रूप में पवन कश्यप, आदित्य गदेवाल एवं देवेंद्र यादव तथा बालिका वर्ग की कोच के रूप में रामू भैंना, ममता कश्यप, तनिष्क यादव एवं पार्थ रजक टीम के साथ रहेंगे।

कराते एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगे। खिलाड़ियों के चयन पर खेल प्रेमियों एवं प्रदेशवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं।