

बिर्रा हाई स्कूल की 47 छात्राओं को वितरित की गई साइकिलें, नियमित पढ़ाई और बालिका शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
बिर्रा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिर्रा में बुधवार को राज्य सरकार की सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं की 47 छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि एकादशिया साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्राचार्य सीता सूर्यवंशी ने की।
मुख्य अतिथि एकादशिया साहू ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जब विद्यालय तक पहुंचने का रास्ता आसान होगा तो छात्राओं का समय बचेगा, वे नियमित रूप से स्कूल पहुंच सकेंगी और पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगी। इससे परिवार भी बेटियों की शिक्षा के प्रति और अधिक प्रेरित होंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया।
प्रभारी प्राचार्य सीता सूर्यवंशी ने बताया कि इस शैक्षणिक सत्र में विद्यालय की कक्षा 9वीं में अध्ययनरत सभी 47 छात्राओं को शासन की ओर से सरस्वती साइकिल योजना का लाभ प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से दूरदराज से आने वाली छात्राओं को विशेष सुविधा मिलेगी और विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम में उपसरपंच प्रतिनिधि गोपाल कश्यप, मणीलाल कश्यप, दीपक पाल, एकांश पटेल (पंच वार्ड क्रमांक-09 एवं अध्यक्ष, निर्माण एवं विकास कार्य समिति, ग्राम पंचायत बिर्रा), प्रकाश देवांगन, राधेश्याम केशरवानी, कमला प्रसाद कटकवार, बलराम कश्यप, छोटेलाल कैवर्त्य, प्रभारी प्राचार्य सीता सूर्यवंशी, शिक्षक रामकुमार पटेल, विनोद सांडे, सनद वर्मा, मनीषा चौहान, के.के. देवांगन, सुशील पटेल, प्रकाश कश्यप, एस.के. तम्बोली, उषा पटेल, एस.एल. कश्यप, खान, कुम्भकार तथा नीरज कश्यप सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
