
शिक्षण गुणवत्ता परखने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला हथनेवरा पहुंचे, विद्यार्थियों की कॉपियां जांचकर दिए आवश्यक सुझाव
बम्हनीडीह। विकासखंड में संचालित ‘मेरी तैयारी-मेरी सफलता’ अभियान के तहत विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला हथनेवरा का निरीक्षण कर शिक्षण गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान वे एक्शन मोड में नजर आए और कक्षा 6वीं के विद्यार्थियों को स्वयं इमला (डिक्टेशन) बोलकर उनकी भाषा दक्षता का परीक्षण किया।
विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी कॉपियों में इमला लिखा। इसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने स्वयं कॉपियों की जांच की, विद्यार्थियों को आवश्यक सुझाव दिए तथा हस्ताक्षर कर उनका उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि इमला के नियमित अभ्यास से विद्यार्थियों की वर्तनी में सुधार होता है, शब्द भंडार बढ़ता है तथा भाषा पर उनकी पकड़ मजबूत होती है। इसके साथ ही बच्चों में ध्यानपूर्वक सुनने, एकाग्रता बनाए रखने और शीघ्र एवं शुद्ध लेखन की क्षमता भी विकसित होती है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने शाला में शिक्षण व्यवस्था का भी अवलोकन किया तथा शिक्षकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने के लिए नियमित अभ्यास, गृहकार्य एवं मूल्यांकन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
इस दौरान शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला हथनेवरा के प्रधान पाठक शिव साहू द्वारा पूर्व में दिए गए गृहकार्य का भी उन्होंने निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
