स्वामी आत्मानंद विद्यालय पचपेड़ी में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित, मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न

विजय कुमार साहू रिपोर्टर

पचपेड़ी। दिनांक 30 अप्रैल 2026 को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचपेड़ी में कक्षा पहली से 11वीं तक के वार्षिक परीक्षा परिणाम विधिवत घोषित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सम्मान एवं उत्साह का वातावरण देखने को मिला, जहां छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धियों के लिए अंकसूची, प्रमाण पत्र एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा पहली से लेकर उच्च कक्षाओं तक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समिति, प्राचार्य, व्याख्याताओं एवं पालकों की उपस्थिति में प्रमाण पत्र वितरित किए गए। विद्यार्थियों की सफलता पर पूरे विद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का माहौल रहा।

विद्यालय के प्राचार्य आर. के. डहरिया के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में वरिष्ठ व्याख्याता चितरंजन कुमार राठौर, व्याख्याता संतोष कोशले, आर. डी. सूर्यवंशी, अश्वनी कुमार साहू एवं आर. के. जांगड़े सहित समस्त शिक्षकों एवं व्याख्याताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करते हुए निरंतर परिश्रम और अनुशासन के महत्व पर बल दिया।

शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष देवेंद्र जायसवाल, सदस्य राजकुमार मधुकर, शिव प्रसाद लोहार, ग्राम पंचायत पचपेड़ी के उपसरपंच करन सिंह टंडन तथा पालक प्रतिनिधि चन्द्रशेखर साहू की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा को जीवन निर्माण का सबसे मजबूत आधार बताया।

प्राचार्य आर. के. डहरिया ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों के सहयोग को विद्यार्थियों की सफलता का प्रमुख आधार बताया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के चेहरे पर सफलता की खुशी स्पष्ट दिखाई दी। सम्मान समारोह ने बच्चों के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा प्रदान की और उन्हें भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय पचपेड़ी में आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्टता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया, जिसने क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को पुनः सिद्ध किया।