

बिलासपुर।तोरवा चौक स्थित जेजे हॉस्पिटल के पास पवन पुत्र जिम द्वारा अपनी स्थापना के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एकदिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस सामाजिक पहल का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना था।
जिम के संचालक अभिषेक धर दीवान और शैलेंद्र पटेल के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में जिम के लगभग 50 से 60 सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। विशेष बात यह रही कि इनमें 20 नए सदस्य ऐसे थे, जिन्होंने जीवन में पहली बार रक्तदान कर समाजसेवा की मिसाल पेश की।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान न केवल मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है, बल्कि यह जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिविर के सफल आयोजन पर जिम परिवार ने सभी रक्तदाताओं, विशेषकर पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने इसे समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक प्रेरणादायी कदम बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को जारी रखने की बात कही।
