

पोड़ीशंकर। संकुल पोड़ीशंकर में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव एवं विदाई समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरित कर आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद सदस्य राकेश केंवट थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में कोमल जायसवाल, मनुराज सिंह सिसोदिया एवं सुनील यादव उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित अध्ययन एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर शासकीय हाई स्कूल पोड़ीशंकर से स्थानांतरित होकर शासकीय हाई स्कूल मटियारी (बिल्हा) में पदस्थ हुईं शिक्षिका अंजना साव को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। विद्यालय स्टाफ, संकुल परिवार एवं विद्यार्थियों ने उन्हें शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उपस्थित शिक्षकों ने उनके 13 वर्षों के उत्कृष्ट सेवाकाल, समर्पण एवं शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने उद्बोधन में अंजना साव ने कहा कि पोड़ीशंकर विद्यालय एवं संकुल परिवार से मिला स्नेह, सहयोग और सम्मान उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में संकुल प्राचार्य बसंत चतुर्वेदी, संकुल समन्वयक भूषण देवांगन, व्याख्याता रामकृपाल डड़सेना, श्वेता शुक्ला, के.बी. गढ़ेवाल, प्रधान पाठक सुखदेव प्रसाद सिदार एवं शिक्षक देव कुमार सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर अध्ययन करने तथा जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
कक्षा 10वीं की छात्राओं उमिता एवं गुनगुन ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की आकर्षक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। कार्यक्रम का संचालन रामकृपाल डड़सेना ने किया तथा अंत में प्रधान पाठक उदिता सिंह सिसोदिया ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर गीता दुबे, पूर्णिमा जायसवाल, नरेंद्र साहू, सुमित जायसवाल, संगीता कसेर, भगत सिंह कंवर, खिलावन रात्रे, संजय जांगड़े सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
