बम्हनीडीह में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव संपन्न, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत

बम्हनीडीह। विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल बम्हनीडीह सहित विभिन्न प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, मिठाई खिलाकर तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों, गणवेश और सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिलों का वितरण कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सभापति आशा साव रहीं। इसके अलावा तुषार जायसवाल, अंजली नवीन सराफ, नेक मोहम्मद खान, भूपेंद्र डड़सेना, मोहन डड़सेना, आदित्य वस्त्रकार, राहुल सिंघानिया, संतोष पटेल, रमेश पटेल, उमेश पटेल, गणेश अजगल्ले, राजेंद्र जायसवाल, सोनू जायसवाल, विशाल सराफ, ओमप्रकाश साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अतिथियों का स्वागत बीईओ रत्ना थवाईत, बीआरसी हिरेंद्र बेहार, प्राचार्य बजरंग श्रीवास सहित शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने किया।

अपने संबोधन में गगन जयपुरिया ने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन और लक्ष्य निर्धारण का महत्व बताते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।

आशा साव ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल बच्चों के स्कूल आने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का महापर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से नए संकल्प एवं नई ऊर्जा के साथ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने का आग्रह किया।

तुषार जायसवाल एवं सोनू जायसवाल ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर अध्ययन करने की प्रेरणा देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में सेजस बम्हनीडीह की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य बसंत चतुर्वेदी ने किया, जबकि अंत में प्राचार्य शिव कुमार पटेल ने अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।