

जांजगीर-चांपा।छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाईस्कूल परीक्षा 2026 के रिवैल्यूएशन परिणाम में जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सेमरिया की प्रतिभाशाली छात्रा साक्षी कश्यप ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में अपनी पहचान बनाई है। रिवैल्यूएशन के बाद 588 में से 588 अंक प्राप्त कर 98 प्रतिशत के साथ साक्षी ने सीजी बोर्ड की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त किया है।
साक्षी कश्यप वर्तमान में नवीन प्रयास आवासीय विद्यालय, बिलासपुर में अध्ययनरत हैं। उनके पिता कृष्ण कुमार कश्यप शासकीय हाई स्कूल बोरसी में व्याख्याता हैं, जबकि माता मन्दाकिनी कश्यप गृहणी हैं। साक्षी की इस सफलता से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
रिवैल्यूएशन के दौरान संस्कृत विषय में साक्षी के अंक 69 से बढ़कर 74 हो गए, जिससे कुल अंकों में वृद्धि हुई और उन्हें प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान मिला। साक्षी ने सभी छह विषयों में विशिष्ट श्रेणी (डिस्टिंक्शन) प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विषयवार प्राप्तांक में अंग्रेजी में 97, हिंदी में 98, संस्कृत में 99, गणित में 98, विज्ञान में 96 तथा सामाजिक विज्ञान में शत-प्रतिशत 100 अंक शामिल हैं। उन्होंने स्कूल कोड 311319 एवं परीक्षा केंद्र कोड 311284 से परीक्षा दी थी।
साक्षी का सपना डॉक्टर बनकर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उनका लक्ष्य राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) उत्तीर्ण कर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देना है।
अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और निरंतर मेहनत को देते हुए साक्षी ने कहा कि सपनों को साकार करने के लिए दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर अध्ययन आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को कभी हार न मानने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
साक्षी की उपलब्धि पर उनके पिता कृष्ण कुमार कश्यप ने कहा कि बेटी ने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर सकती हैं।
साक्षी कश्यप की इस ऐतिहासिक सफलता पर शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, परिजनों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता आज प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
