

रोहदा। शासकीय प्राथमिक शाला रोहदी, शासकीय प्राथमिक शाला रोहदा एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रोहदा के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को भव्य शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराना तथा शिक्षा के प्रति उत्साहित करना था।


कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा पहली एवं कक्षा छठवीं के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत के साथ हुई। इस दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क गणवेश एवं पाठ्य-पुस्तकों का वितरण भी किया गया। साथ ही कक्षा पांचवीं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।


संकुल प्राचार्य राजकुमार झलरिया ने अपने संबोधन में शाला प्रवेशोत्सव की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को विद्यालय में सहज, सरल और आनंददायी वातावरण मिलना चाहिए, जिससे वे शिक्षा के प्रति आकर्षित हों और नियमित रूप से विद्यालय आएं। उन्होंने शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
प्रधान पाठक धन्यकुमार पाण्डेय ने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं नवाचारों की जानकारी देते हुए अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की। संकुल समन्वयक उमेश टेम्बुलकर ने विद्यालय की कार्यप्रणाली एवं विद्यार्थियों के विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
अभिभावक प्रतिनिधि कौशिल्या यादव ने विद्यालय की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच प्रतिनिधि भीषम बरेठ उपस्थित रहे। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बजरंग दिवाकर, प्रधान पाठक रामगोपाल जायसवाल, छबि राठौर, सुनील अग्रवाल, महेश्वर साहू, गौरीशंकर गोंड, अहिल्या राठौर, श्रद्धा पाण्डेय, रवि राज सहित समस्त शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन गुलजार बरेठ ने किया तथा अंत में रामगोपाल जायसवाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।
