संकुल केंद्र नवीन बाराद्वार में शाला प्रवेशोत्सव संपन्न, एनएमएमएसई में चयनित छात्रा ऋतु भैना का हुआ सम्मान

बाराद्वार। शासन के निर्देशानुसार संकुल केंद्र नवीन बाराद्वार अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला नवागांव में संकुल स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करने के साथ ही राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMSE) में चयनित छात्रा ऋतु भैना को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। स्वागत भाषण संकुल समन्वयक दीपक कुमार सिदार ने दिया।

कार्यक्रम में संकुल अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शालाओं नवागांव, रिस्दा, मुक्ताराजा एवं भागोडीह के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश वितरित किए गए।

इस अवसर पर एनएमएमएसई परीक्षा में चयनित छात्रा ऋतु भैना को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने छात्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और लगन के साथ अध्ययन कर सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बीआरसीसी एच.के. बेहार तथा विशिष्ट अतिथि एबीईओ संजय सिंह राठौर एवं ग्राम पंचायत नवागांव के उपसरपंच जीत सिंह सहिस रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संकुल प्राचार्य एस.आर. कुर्रे ने की। अपने संबोधन में अतिथियों ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन और अनुशासन का पालन करने की सीख दी।

कार्यक्रम का संचालन क्रांति कुमार कर्ष ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रधान पाठक नेहरू पटेल ने किया। इस अवसर पर नारायण प्रसाद सूर्यवंशी, चक्रधर सिंह राठौर, फूलधर सिंह कंवर, तुलेश्वरी राठौर, सुनीता राठौर, विनिता सिदार, फूल कुमारी एक्का, विकास तिवारी, राजकुमार कंवर, रमेश मालाकार, संजय समीर, घनश्याम सिंह कंवर, राजेश बरेठ सहित संकुल के शिक्षक, पालक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता और विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।