राजनांदगांव। ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव श्री टी.के. अनिल कुमार ने आज जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं आजीविका गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने बिहान योजना, मिशन जल रक्षा, स्टार्टअप विलेज एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम, वन स्टॉप फैसिलिटी, चना प्रोसेसिंग यूनिट सहित अनेक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह उपस्थित रहीं।
प्रमुख बिंदु:
महिला स्व-सहायता समूहों से संवाद:
श्री कुमार ने महिला समूहों, लखपति दीदियों एवं किसान उत्पादक संगठनों की महिलाओं से सीधे बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि बिहान से जुड़ने के बाद वे सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनी हैं।
उत्पादन, ब्रांडिंग और विपणन पर बल:
अतिरिक्त सचिव ने उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग और विपणन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने हर्बल गुलाल, कुमकुम, चंदन पैकेजिंग यूनिट का निरीक्षण किया, जहाँ 75 महिलाएं कार्यरत हैं और 1 करोड़ से अधिक की आय अर्जित कर चुकी हैं।
स्टार्टअप और स्वरोजगार को मिला प्रोत्साहन:
टेड़ेसरा गांव में उन्होंने स्टार्टअप योजना अंतर्गत संचालित इलेक्ट्रिकल और हार्डवेयर दुकान का अवलोकन किया। ग्राम पदुमतरा में बिहान के संकुल संगठन और प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण भी किया।
लखपति दीदीयों’ की सफलता की कहानियाँ:
महिलाओं ने बताया कि वे किराना दुकान, ब्यूटी पार्लर, सिलाई, चप्पल-जूते की दुकान, मशरूम उत्पादन और कृषि उपकरण संचालन से जुड़कर लाखों रुपये कमा रही हैं। कुछ महिलाओं को राष्ट्रपति सम्मान और जापान यात्रा के अवसर भी मिले हैं।
एफपीओ द्वारा 408 लाख का टर्नओवर:
ग्राम सुकुलदैहान में उन्होंने स्वर्ण उपज महिला उत्पादक कंपनी द्वारा संचालित चना प्रोसेसिंग यूनिट का अवलोकन किया। इस इकाई में 15,875 महिला किसान कार्यरत हैं, जिन्होंने वर्ष 2024-25 में 408 लाख रुपये का टर्नओवर दर्ज किया।
जल संरक्षण के नवाचारों की सराहना:
उन्होंने ग्राम बरगा और टेड़ेसरा में रिचार्ज शॉफ्ट एवं इंजेक्शन वेल का निरीक्षण किया। पद्मश्री श्रीमती फूलबासन बाई यादव द्वारा संचालित नीर एवं नारी अभियान की जानकारी ली और सराहना की।
सराहना और प्रोत्साहन
अतिरिक्त सचिव श्री कुमार ने जिले में महिलाओं द्वारा संचालित आजीविका गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने समूह द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल का भी अवलोकन किया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के अधिकारीगण, बिहान मिशन टीम, महिला समूहों की सदस्याएं, किसान एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
