📍 नारायणपुर, छत्तीसगढ़
✍️ लाल टोपी राजू सोनी
नारायणपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहाँ एक शिक्षक ने अपनी दूसरी पत्नी की बीच सड़क पर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी शिक्षक रूपसिंग उसेंडी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए ओरछा अस्पताल भेजा गया है।
हत्या से पहले मारपीट और धमकी:
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका सुंदरी उसेंडी शनिवार शाम लगभग 5 बजे अपनी बेटी सुमित्रा के साथ जबगुड़ा से ओरछा लौट रही थी। रास्ते में आरोपी शिक्षक रूपसिंग और उसके भाई ने उन्हें रोका। पहले मृतका से मारपीट की गई और फिर धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। सुमित्रा को हत्या से पहले वहां से भाग जाने की हिदायत दी गई थी।
चार पत्नियों वाला शिक्षक और जटिल पारिवारिक जीवन:
बताया जा रहा है कि मृतका आरोपी शिक्षक की दूसरी पत्नी थी। सुंदरी के दो बच्चे — एक 12 साल की बेटी और 8 साल का बेटा है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी शिक्षक की कुल चार पत्नियां हैं। हाल ही में वह किसी विधवा महिला के साथ रह रहा था, जिससे मृतका नाराज थी और आए दिन विवाद हो रहे थे।
पहले से चल रहा था विवाद, कोर्ट से मिला था गुजारा भत्ता:
सूत्रों के अनुसार, मृतका पिछले कुछ महीनों से आरोपी शिक्षक से अलग रह रही थी। उसने पति के खिलाफ घरेलू हिंसा और प्रताड़ना का मामला दर्ज करवाया था। कोर्ट ने उसे प्रतिमाह ₹10,000 का गुजारा भत्ता देने का आदेश भी दिया था।
पुलिस की तत्परता से गिरफ्तारी:
घटना की सूचना पर पुलिस ने आरोपी से फोन पर संपर्क किया। आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
👉 सवाल ये है कि एक शिक्षक, जो समाज का निर्माता माना जाता है, वह खुद कानून और नैतिकता की किस हद तक धज्जियां उड़ाने में सक्षम है? क्या ऐसी मानसिकता रखने वालों को शिक्षा व्यवस्था में जगह दी जानी चाहिए?
📌 जांच जारी है। पुलिस मृतका के परिजनों और साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत छानबीन कर रही है।