

बिलासपुर। प्रेस रिपोर्टर क्लब के संगठनात्मक विस्तार और मजबूती की दिशा में सामाजिक रूप से सक्रिय व्यक्तित्व राजेंद्र कुमार राठौर को क्लब का संभागीय संरक्षक नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें विधिवत नियुक्ति पत्र एवं परिचय पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष गौतम बाल बोंदरे, प्रदेश संरक्षक कमल मित्तल, प्रदेश संरक्षक प्रभात राय, महिला प्रकोष्ठ सचिव रिचा खंडेलवाल, रविकांत अहीर एवं बसंत साहू सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने राजेंद्र कुमार राठौर को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और नेतृत्व से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि राजेंद्र कुमार राठौर सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय हैं। उन्हें छत्तीसगढ़ प्रांतीय राठौर क्षत्रिय सभा के प्रदेशीय चुनाव अधिवेशन में निर्विरोध महामंत्री चुना जा चुका है, जो समाज में उनकी स्वीकार्यता और सक्रिय नेतृत्व का प्रमाण है। विभिन्न सामाजिक कार्यों और जनहित से जुड़े प्रयासों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
संभागीय संरक्षक के रूप में नियुक्ति पर राजेंद्र कुमार राठौर ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि प्रेस रिपोर्टर क्लब पत्रकारों की एक सशक्त आवाज है और वे संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय तथा प्रभावी बनाने के लिए पूरी निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और समाज में जागरूकता फैलाने में पत्रकारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। प्रेस रिपोर्टर क्लब के माध्यम से पत्रकारों की एकजुटता, उनके अधिकारों की रक्षा और संगठन की प्रगति के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
संभागीय संरक्षक के रूप में नियुक्त किए जाने पर राजेंद्र कुमार राठौर ने प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों द्वारा दी गई शुभकामनाओं के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के प्रति अपनी पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का विश्वास दिलाया।
