
रायपुर।महिला सोनी समाज की प्रदेश सचिव सविता गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि होलाष्टक के प्रथम दिन सोनी समाज की सभी बहनों द्वारा शिव-हनुमान मंदिर, बैजनाथ पारा में भक्ति और उल्लास के साथ होली पर्व का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सुंदरकांड पाठ एवं पारंपरिक फाग गीतों के मधुर स्वरों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम के दौरान समाज की महिलाओं ने फूलों की होली खेलकर आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता का संदेश दिया। सभी बहनों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं तथा इस पावन अवसर का आनंद लेते हुए समाज में भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। भक्ति, संगीत और रंगों के इस अद्भुत संगम से मंदिर परिसर में प्रेम और आनंद का वातावरण निर्मित हुआ।
इस अवसर पर महिला सोनी समाज की नगर अध्यक्ष साधना अवधिया, उपाध्यक्ष ज्योति गुप्ता एवं मीनाक्षी गुप्ता, कोषाध्यक्ष सुधा सोनी सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहीं। प्रमुख रूप से ममता अवड़िया, आशा सोनी, श्यामा सोनी, ज्योति सोनी, अपर्णा सोनी एवं भारती सोनी सहित बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने आगामी होली पर्व को आपसी सद्भाव, प्रेम और सामाजिक एकता के साथ मनाने का संदेश दिया। महिला सोनी समाज द्वारा आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की समाजजनों ने सराहना की।
