“छत्तीसगढ़ पुलिस की कोहिनूर साधना सिंह सेवानिवृत्त — भावुक विदाई में गूंजा सम्मान”

“ईमानदार ऑफिसरों को सेवा के बाद भी मार्गदर्शक बनाया जाए — श्याम गुप्ता”

रायगढ़। मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ की “किरण बेदी” के रूप में विख्यात दबंग और ईमानदार पुलिस अधिकारी साधना सिंह के सेवानिवृत्त होने पर पुलिस विभाग व सामाजिक संगठनों ने भावभीनी विदाई दी। एसपी ऑफिस में आयोजित सम्मान समारोह में डीआईजी शशि मोहन सिंह सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनकी बेदाग सेवा को पुलिस विभाग की मिसाल बताया।

सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रेस रिपोर्टर क्लब के प्रदेश सचिव श्याम गुप्ता ने भावनात्मक संदेश देते हुए कहा कि जिन ईमानदार अधिकारियों का नाम हिट लिस्ट में रहता है, उन पर सेवानिवृत्ति जैसे नियम लागू नहीं होने चाहिए। ऐसे अधिकारी विभाग के कोहिनूर होते हैं और जनहित में उनके मार्गदर्शन को अनिवार्य रूप से लिया जाना चाहिए। उन्होंने साधना सिंह को लाखों बेटियों और युवाओं के लिए बेहतरीन पुलिसिंग सेवा की प्रेरणा बताया।

मुंगेली जिले में एएसपी प्रभार संभालने के बाद अपने गृह जिले में दायित्व निभाते हुए सेवानिवृत्त हुई साधना सिंह को सम्मानित करने की कड़ी में श्याम गुप्ता और जिलाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने भी सम्मान किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पारिवारिक माहौल के साथ उन्हें उनके निवास तक छोड़ा गया। समारोह में मौजूद लोगों ने उनकी ईमानदार और साहसी सेवा को लंबे समय तक याद रखने की बात कही।