
सुल्तानगंज से श्रावणी मेला 2025 का भव्य शुभारंभ
उपमुख्यमंत्रियों ने किया दीप प्रज्वलन, करोड़ों की विकास योजनाओं का ऐलान
रिपोर्ट: अनमोल कुमार
सुल्तानगंज (भागलपुर)। बिहार के ऐतिहासिक सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट से श्रावणी मेला 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री — सम्राट चौधरी एवं विजय कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर मेले का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने की।
21 करोड़ की लागत से बनने वाली दो अत्याधुनिक धर्मशालाओं का शिलान्यास भी इस दौरान किया गया। साथ ही श्रावणी मेला पर आधारित एक विशेष पुस्तक और मोबाइल ऐप का लोकार्पण उपमुख्यमंत्रियों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्रियों ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता कांवरियों को हर साल बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। अजगैवीनाथ धाम तक मरीन ड्राइव और फोरलेन सड़क का निर्माण प्रगति पर है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि
सुल्तानगंज-अगुवानी पुल अगले 18 महीनों में पूर्ण हो जाएगा।
रेलवे की 1700 एकड़ जमीन पर विशेष योजनाएं लाई जाएंगी।
उत्तरवाहिनी गंगा के जल को नहरों के माध्यम से खेतों तक पहुँचाकर हजारों किसानों को लाभ पहुँचाया जाएगा।
प्रमुख नेताओं की बाइट्स (संदर्भ के लिए):
सम्राट चौधरी (उपमुख्यमंत्री, बिहार):
“श्रावणी मेला श्रद्धा और संस्कृति का संगम है। बिहार सरकार इसे विश्व स्तरीय आयोजन बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।”
विजय कुमार सिन्हा (उपमुख्यमंत्री, बिहार):
“श्रावणी मेले को न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि क्षेत्रीय विकास का केंद्र भी बनाया जा रहा है। पुल, सड़क, धर्मशाला — सभी प्रोजेक्ट इसी का हिस्सा हैं।”
संजय सरावगी (राजस्व मंत्री, बिहार):
“राजस्व विभाग भी इस मेले में अपनी भूमिका निभा रहा है। कांवरियों की सुविधा सर्वोपरि है।”
दिलीप जायसवाल (प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा):
“यह आयोजन बिहार की सांस्कृतिक पहचान है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इसकी गरिमा को और बढ़ा रही है।”
जयंत राज (भवन निर्माण मंत्री):
“धर्मशालाओं का निर्माण, मरीन ड्राइव और फोरलेन सड़क — सभी योजनाएं एक समग्र विकास की तस्वीर पेश करती हैं।”