बुधवारी बाजार के व्यापारियों ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू से मिलकर जताया आभार, रेलवे लाइसेंस शुल्क में विसंगतियां दूर करने की मांग

बिलासपुर। बुधवारी बाजार में दुकानों के लाइसेंस एवं लाइसेंस शुल्क के संबंध में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की पहल का व्यापारियों ने स्वागत करते हुए उनसे मुलाकात कर आभार व्यक्त किया। इस दौरान व्यापारियों ने रेलवे प्रशासन द्वारा निर्धारित लाइसेंस शुल्क में विसंगतियों का मुद्दा उठाते हुए कई मांगें रखीं।

पार्षद अब्दुल खान सहित जितेंद्र राय, मोती थारवानी, हरीश हरिश्चंद्र श्रीवास, मोहम्मद सोहेल, उत्तम मलिक, हरदीप, आलोक एवं अन्य व्यापारियों ने मांग की कि वर्ष 2013-14 से 2022 तक का लाइसेंस शुल्क पुराने रेलवे सर्कुलर के अनुसार तथा वर्ष 2022 के बाद का शुल्क नए सर्कुलर के आधार पर लिया जाए। साथ ही जीएसटी की गणना लागू होने की तिथि जून 2017 से करने, डैमेज शुल्क माफ करने तथा पुराने और नए लाइसेंसधारियों के लिए अलग-अलग शुल्क व्यवस्था लागू करने की मांग की।

व्यापारियों ने बढ़े हुए लाइसेंस शुल्क की एकमुश्त राशि जमा करने में असमर्थता जताते हुए किस्तों में भुगतान की सुविधा देने का आग्रह किया, ताकि व्यापारियों को राहत मिलने के साथ रेलवे प्रशासन को भी बकाया राशि का भुगतान हो सके।